इंदौर: राज्य शासन ने राज्य पुलिस सेवा के उप पुलिस अधीक्षक संवर्ग के अधिकारियों के तबादलों का बड़ा आदेश जारी किया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया है. सूची में प्रदेशभर के कई जिलों के साथ नगरीय व ग्रामीण इंदौर से जुड़े अहम पदों पर भी अधिकारियों की पदस्थापना बदली गई है, जिससे इंदौर पुलिस की प्रशासनिक संरचना में महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है.
इंदौर में पदस्थ होकर आए अधिकारियों में सबसे अहम बदलाव ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ा है. नगरीय इंदौर में अपराध शाखा में एसीपी पद पर पदस्थ रहे देवेन्द्र सिंह धुर्वे को एसडीओपी सांवेर ग्रामीण इंदौर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं पीटीसी इंदौर में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ पूर्ति तिवारी को एसीपी न्यायालयीन 1 नगरीय इंदौर बनाया गया है. वहीं आसूचना शाखा नगरीय इंदौर में एसीपी रहे पराग सैनी को एसीपी विजयनगर नगरीय इंदौर के महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है.
इसी तरह कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक पीटीसी इंदौर के पद पर पदस्थ लाल बहादुर बौद्ध को कार्यवाहक एसीपी यातायात जोन 4 नगरीय इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं कार्यवाहक सहायक सेनानी 34वीं वाहिनी विसबल धार के पद पर पदस्थ दिलीप सिंह चौधरी को कार्यवाहक एसीपी आसूचना नगरीय इंदौर बनाया है. इसीतरह नारकोटिक्स इंदौर में कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक रहीं प्रीति जैन (तिवारी) को कार्यवाहक एसीपी सुरक्षा नगरीय इंदौर नियुक्त किया है. वहीं विजय तिवारी को कार्यवाहक एसीपी मानव वध नगरीय इंदौर और गिरीश कुमार जैजुरकर को कार्यवाहक एसीपी अजाक नगरीय इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है.
इधर इंदौर से बाहर भेजे गए अधिकारियों में एसीपी यातायात जोन 2 नगरीय इंदौर में पदस्थ मनोज खत्री को उप पुलिस अधीक्षक पीटीआरआई पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा दिया है. एसडीओपी सांवेर जिला इंदौर के पद पर पदस्थ प्रशांत भदौरिया को सहायक सेनानी 17वीं वाहिनी विसबल भिण्ड पदस्थ कर दिया है. इसके अलावा एसीपी अपराध नगरीय इंदौर, पीटीसी इंदौर और विभिन्न शाखाओं से जुड़े अन्य अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं. शासन के इस आदेश को इंदौर पुलिस की कार्यप्रणाली और फील्ड स्तर की जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
