सतना : शहर में होने वाले दूषित पेयजल की सप्लाई की शिकायत समय समय पर नगर पालिक निगम में की जाती है. लेकिन लोगों के जीवन से जुड़े इस गंभीर मामले पर नगर निगम द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया जाता. महिला कांग्रेस सतना की पदाधिकारियों द्वारा इस संबंध में जिला कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस को ज्ञापन सौंपा गया.
महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉली चौरसिया के नेतृत्व में शहनाज, गीता और साधना सहित अन्य महिलाओं के प्रतिनिधिमण्डल ने सोमवार को जिला कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस से भेंट की.
इस दौरान महिला कांग्रेस प्रतिनिधिमण्डल द्वारा जिला कलेक्टर को शहर में निरंतर दूषित पेयजल की सप्लाई होने से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन सौंपने केक साथ ही महिला प्रतिनिधिमण्डल द्वारा कलेक्टर को बताया गया कि इंदौर में गंदा पानी पीने से जहां 16 लोगों की मौत हो गई वहीं 200 से ज्यादा लोग बीमार हैं. यही स्थिति सतना शहर की भी है, और यहां पर आमजन भी दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं.
शहर में लोगों द्वारा समय समय पर दूषित पेयजल की सप्लाई की शिकायत नगर निगम में की जाती है. लेकिन इसके बावजूद भी इतने गंभीर विषय पर नगर निगम द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया जाता है. इसी कड़ी में महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमण्डल ने कलेक्टर से आग्रह किया कि इंदौर जैसी घटना भविष्य में सतना में घटित न हो इसके लिए पेयजल सप्लाई की उचित जांच कराई जाए. इसके साथ ही यह भी सुनिश्चत किया जाए कि नगरवासियों के घरों में साफ-सुथरा और पीने योग्य पानी ही पहुंचे.
