इंदौर: खजराना गणेश मंदिर पर मंगलवार से तीन दिवसीय तिल चतुर्थी मेला लगेगा. इस मौके पर भगवान गणेश को सवा लाख तिल लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा. आज सुबह 10 बजे भगवान गणेश का अभिषेक एवं पूजन कर मेले का शुभारंभ कलेक्टर और निगम आयुक्त करेंगे.आज सुबह 10 बजे खजराना मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष कलेक्टर शिवम वर्मा और प्रशासक निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल अभिषेक और ध्वजा पूजन कर तीन दिवसीय तिल चतुर्थी मेले की शुरुआत करेंगे.
मंदिर के भक्त मंडल द्वारा सवा लाख तिल लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा. मंदिर के पुजारी पंडित विनीत भट्ट ने बताया कि प्रतिवर्ष परंपरा अनुसार तिल चतुर्थी पर मंदिर में मेले का आयोजन किया जाता है. इस मौके पर ध्वजा पूजन की भी परंपरा काफी प्राचीन है. मंदिर में भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी और अन्य द्वारा सवा लाख तिल लड्डुओं का भोग अर्पित किया जाता है. सवा लाख लड्डू बनाने का काम भक्त मंडल द्वारा परिसर में प्रारंभ कर दिया गया है। सवा लाख लड्डुओं की प्रसादी भक्तों में वितरित की जाएगी।
