इंदौर हादसे का नहीं कोई गम, ढोल ताशे के साथ एसडीओ ने पदभार ग्रहण किया

मंडलेश्वर: इंदौर के भागीरथपुरा में गंदे पानी से रोज मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है. सोमवार को एक और व्यक्ति की मौत के बाद यह संख्या 17 पहुंच गई है. मंडलेश्वर के जलूद प्रोजेक्ट से इंदौर को जल आपूर्ति करने वाला पीएचई विभाग इस हादसे के बाद सतर्क होने के बजाय लापरवाह बना हुआ है.मंडलेश्वर स्थित पी एच ई विभाग में पदभार ग्रहण करने पहुंचे एसडीओ नारमल कनाडे का कर्मचारियों द्वारा ढोल ताशे बजाकर फूल मालाएं पहनाकर जश्न मनाया गया.

जश्न में आवश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारी भी शामिल थे जबकि उनकी ड्यूटी महत्वपूर्ण कार्य में लगी थी उनकी थोड़ी सी लापरवाही से कोई भी हादसा हो सकता था. कार्यालय परिसर में कार्यालयीन समय में ही ढोल बजाए जा रहे हैं और समोसा, कचौड़ी व सेव की दावत उड़ाई जा रही है. इंदौर में इतनी बड़ी घटना के बाद से पीएचई विभाग हाई अलर्ट पर है.

नगर निगम और विभाग के बड़े-बड़े अधिकारी नप चुके हैं और मंडलेश्वर में जश्न का मनाया जाना कुछ हजम नहीं होता है. घटना कुछ इस प्रकार है. लोक स्वास्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) मेकेनिकल खरगोन में पदस्थ उपयंत्री नारमल कनाडे को 1 जनवरी को पीएचई मंडलेश्वर उपखंड 2 का अतिरिक्त प्रभार मिला. जिसके बाद सोमवार को पदभार ग्रहण करना था. जिसके लिए ढोल, फूलमाला और नाश्ते का विशेष प्रबंध किया गया था. उपयंत्री कनाडे ने इस संबंध में कहा- ढोल ताशे से मेरा कोई संबंध नहीं है. कर्मचारियों ने बुलवाए होंगे.

पूर्व में लग चुके हैं भ्रष्टाचार के आरोप
17 लाशों पर खुशियां मनाने वाले उपयंत्री कनाडे पहले भी यहां पदस्थ रह चुके हैं. जिनके ऊपर पूर्व में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं. जिस सम्बन्ध में विभागीय जांच भी चल रही है और उसी के कारण इन्हें यहां से हटाया गया था. जिसके बाद पुनः यहां इनकी पदस्थापना होना कई सवाल खड़े कर रहा है. इस संबंध में इंदौर नगर निगम अपार आयुक्त क्षितिज सिंघल से संपर्क किया लेकिन, कॉल रिसीव नहीं किया.

Next Post

खजराना गणेश मंदिर में आज से तीन दिवसीय तिल चतुर्थी मेला , सवा लाख लड्डुओं का लगेगा भोग

Tue Jan 6 , 2026
इंदौर: खजराना गणेश मंदिर पर मंगलवार से तीन दिवसीय तिल चतुर्थी मेला लगेगा. इस मौके पर भगवान गणेश को सवा लाख तिल लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा. आज सुबह 10 बजे भगवान गणेश का अभिषेक एवं पूजन कर मेले का शुभारंभ कलेक्टर और निगम आयुक्त करेंगे.आज सुबह 10 बजे खजराना […]

You May Like