इंदौर: देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर सोमवार को लगातार दूसरे दिन मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति बनी. इंदौर से दिल्ली जा रही एक महिला यात्री एयरपोर्ट पर अचानक बेहोश हो गई, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई. एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित कर महिला को प्राथमिक उपचार दिलाया और एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया.
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस की दोपहर 1.30 बजे इंदौर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट से यात्रा करने के लिए 66 वर्षीय महिला यात्री परवीन सिंगला पति विनोद सिंह विमानतल पहुंची थीं. चेक इन की प्रक्रिया पूरी कर वे सिक्योरिटी होल्ड एरिया में मौजूद थीं. बोर्डिंग से कुछ समय पहले ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं. घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची.
जांच में महिला की ब्लड शुगर का स्तर काफी कम पाया. स्थिति को गंभीर मानते हुए एयरपोर्ट की एंबुलेंस से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा. अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक महिला पंजाब के बरनाला की रहने वाली हैं और दिल्ली होते हुए पंजाब जा रही थीं. उपचार के बाद उन्हें होश आ गया है, हालांकि उन्हें एहतियातन भर्ती रखा है. डॉक्टरों के अनुसार उनका डायरिया का इलाज चल रहा है और फिलहाल उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है.
