
सागर। सागर जिले के सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन, सीएसपी ललित कश्यप एवं पुलिस टीम द्वारा सागर शहर में स्थित विस्फोटक भण्डारकों एवं विक्रेताओं की दुकानों तथा गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भण्डारण क्षमता, सुरक्षा मानकों, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, लाइसेंस एवं स्टॉक रजिस्टर का गहनता से परीक्षण किया गया। टीम द्वारा सभी संचालकों को विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। गोदाम परिसर में अग्नि सुरक्षा के समुचित इंतजाम रखने, सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित करने तथा सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने हेतु कहा गया। साथ ही स्टॉक के नियमित संधारण एवं आवक-जावक की प्रविष्टि अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से जुड़े इस विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
