वाराणसी, 3 जनवरी (वार्ता) दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई।
गोरक्षपीठाधीश्वर ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में आदि योगी के दर्शन किए। बाबा के गर्भगृह में जाकर उन्होंने विधिविधान से पूजा कर लोककल्याण की कामना की। समीक्षा बैठक के उपरांत योगी ने ‘काशी कोतवाल’ बाबा काल भैरव का विधि विधान से पूजा कर आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों के सुखी-समृद्ध जीवन की कामना की।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देखकर बाबा के भक्तों ने हर-हर महादेव का जयकारा लगा उनका अभिनंदन किया तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
