
छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात जिला अस्पताल परिसर में एक नशे में धुत ड्राइवर ने जमकर हंगामा मचाया। शराब पीकर निजी स्कूल वैन (MP16 T 2066) चला रहा आरोपी इकराम, अस्पताल परिसर में दो कारों और लगभग 20 बाइकों को टक्कर मारते हुए बाहर और अंदर अफरा-तफरी मचा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन ने अस्पताल में खड़ी स्कूटी को टक्कर मारी, जिस पर एक महिला और बच्ची सवार थीं। दोनों को हल्की चोटें आईं।
जब अस्पताल गार्ड अरविंद सिंह ने ड्राइवर को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने गार्ड पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन गार्ड किसी तरह बचकर अलग हो गए। वैन अंततः अस्पताल गेट के पास जाकर रुकी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिसके बाद अस्पताल चौकी पुलिस और गार्डों ने बीचबचाव कर उसे कोतवाली थाना भेजा।
जानकारी के अनुसार, आरोपी इकराम पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। वह स्कूल वैन को शव वाहन और मरीजों के साथ ब्लड की दलाली के लिए इस्तेमाल करता है। स्थानीय लोग जिला अस्पताल परिसर में असामाजिक तत्वों और दलालों के जमावड़े को गंभीर समस्या बता रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से स्थायी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना में क्षतिग्रस्त वाहन मालिकों ने अपने नुकसान की भरपाई की मांग की है। अस्पताल गार्ड अरविंद सिंह ने पुष्टि की कि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद अस्पताल परिसर में असामाजिक गतिविधियों पर काबू पाना चुनौती बना हुआ है।
