
इंदौर. शहर में सुबह से छाए घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया. दृश्यता बेहद कम होने के कारण जहां रोजाना तड़के शुरू होने वाली उड़ानों पर ब्रेक लग गया, वहीं दर्जनभर से ज्यादा फ्लाइट घंटों देरी से संचालित हुईं. पहले विमान को इंदौर एयरपोर्ट पर उतरने में करीब तीन घंटे का इंतजार करना पड़ा, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई.
इंदौर में आमतौर पर सुबह 6.40 बजे से विमानों की लैंडिंग शुरू हो जाती है, लेकिन सुबह हालात इसके बिल्कुल उलट रहे. घने कोहरे के चलते पहला विमान सुबह करीब 9.30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतर पाया. एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक सामान्य दिनों में जहां दृश्यता 3 से 5 किलोमीटर तक रहती है, वहीं सुबह यह घटकर महज 100 मीटर तक पहुंच गई. कोहरा इतना घना था कि सड़कों पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा. कम दृश्यता को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने पहले ही अन्य शहरों से आने वाली उड़ानों को सतर्क कर दिया था. इसके चलते पुणे, अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, जयपुर और बेंगलुरु सहित कई शहरों से आने वाली 16 से अधिक उड़ानें दो से तीन घंटे देरी से इंदौर पहुंचीं. तय समय पर आने वाली फ्लाइट्स जब लेट हुईं तो उनकी वापसी की उड़ानें भी प्रभावित रहीं, जिससे सुबह से लेकर दोपहर तक एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ और असुविधा का माहौल बना रहा. उधर, इंडिगो एयरलाइंस ने इंदौर नासिक उड़ान को निरस्त कर दिया. यह फ्लाइट दोपहर 1.30 बजे इंदौर से रवाना होकर शाम 4.15 बजे नासिक से वापस लौटती है. उड़ान निरस्त होने से पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कंपनी की ओर से यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प दिए जाने की जानकारी दी गई है.
उड़ान में बिगड़ी तबीयत, इंदौर एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी
मुंबई से इंदौर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एक महिला यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई. घटना कल शाम करीब 7.10 बजे चेन्नई मुंबई होते हुए इंदौर आ रही फ्लाइट (एएआई-2749) की है. 50 वर्षीय महिला यात्री को उड़ान के दौरान सिरदर्द और घबराहट की शिकायत हुई, जिस पर पायलट ने इंदौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी. विमान के इंदौर पहुंचते ही मेडिकल इमरजेंसी घोषित की गई और प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग कराई गई. एयरपोर्ट मेडिकल टीम ने महिला को तुरंत उपचार दिया. प्रारंभिक जांच में माइग्रेन और बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर सामने आया. दवाइयों और आराम के बाद महिला की हालत में सुधार हुआ और वे सहयात्री के साथ एयरपोर्ट से रवाना हो गईं.
