
रीवा। जिले भर में 96 खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन किया जा रहा है. राजस्व तथा अन्य विभाग के अधिकारियों द्वारा खरीदी केन्द्रों का नियमित रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. इस क्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने खरीदी केन्द्र बरहुला, रिमारी, जवा तथा खरीदी केन्द्र लूक कोनी का निरीक्षण किया. अपर कलेक्टर ने कहा कि उपार्जित धान का व्यवस्थित भण्डारण कराएं. खरीदी केन्द्र प्रभारी धान का परिवहन कराकर गोदामों में पहुंचाएं. गोदामों में धान पहुंचने के बाद ही स्वीकृति पत्र जारी होता है, जिसके बाद किसानों को भुगतान किया जाता है. परिवहन में देरी से किसानों को भुगतान में देरी होगी. अपर कलेक्टर ने किसानों से संवाद करके खरीदी केन्द्र में की गई व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली. निरीक्षण के समय नायब तहसीलदार निवेदिता त्रिपाठी तथा खरीदी से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
