
उज्जैन। प्रतिबंधित चाइना डोर ने फिर बाइक सवार का गला रेत दिया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, घाव गले की हड्डी तक होना सामने आया है। वह बोल पाने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टर हालत पर निगरानी रख रहे हैं।
नीलगंगा क्षेत्र की राजीव रत्न मल्टी में रहने वाला प्रेम पिता तिलक महाकाल मंदिर के पास फूल प्रसादी की दुकान संचालित करता है। दोपहर को बाइक से दुकान जाने के लिये निकला था। जयसिंहपुरा माली मंदिर के सामने से गुजरते वक्त अचानक चाइना डोर उसके गले पर आ गई। डोर से गला बुरी तरह कट गया। प्रेम लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे संभाला और तत्काल चरक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख ऑपरेशन थियेटर में भेजा। जहां ईएनटी डॉ. अंशु वर्मा ने उसकी सर्जरी शुरू की। घाव गले की हड्डी तक हुआ था, जिसके चलते तीन लेअर में सर्जरी करते हुए करीब 10 टांके लगाये। डॉ. अंशु वर्मा के अनुसार युवक की हालत गंभीर है, वह बोल नहीं पा रहा है। चाइना डोर से गला कटने की खबर महाकाल थाना पुलिस को मिली तो एएसआई लाखनसिंह अस्पताल पहुंचे। घायल बोल नहीं पा रहा था, परिजनों से घटना की जानकारी ली गई। वर्ष 2022 में खूनी डोर साबित हो चुकी चाइना पर लगातार मकर संक्रांति से पहले प्रतिबंध लगाया जा रहा है। पुलिस तलाशी अभियान के साथ छतों पर सर्चिंग करने के साथ दूरबीन से नजर रख रही है। बावजूद चाइना डोर से पतंगबाजी करने वाले जान के दुश्मन नहीं मान रहे है। उनमें पुलिस का खौफ दिखाई नहीं दे रहा है।
दिसंबर में चार बार
दिसंबर माह में चार बड़ी घटना सामने आ चुकी है। पहली घटना घासमंडी पाटीदार ब्रिज पर हुई थी। दूसरी और तीसरी आगररोड पर सामने आ चुकी है। वहीं अब जयसिंहपुरा में चाइना ने युवक का गला रेता है। एक घटना हरिफाटक ब्रिज पर सामने आई थी जिसके स्कूटी सवार महिला बाल-बाल बच गई थी। लेकिन पिछली चार घटनाओं में सभी युवकों का गले में टांके लगाकर उपचार करना पड़ा है।
