
भोपाल। ‘बूथ चलो, गाँव चलो’ अभियान के तहत कांग्रेस ने गुरुवार को भोपाल जिले की केडिया देव पंचायत में जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों की सहमति से ग्राम पंचायत कांग्रेस समिति का गठन किया। ग्राम पंचायत समिति गठन कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुजूर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोडिया देवका में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) भोपाल के अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अवनीश भार्गव, लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज सहित किसान कांग्रेस, ब्लॉक व उप-ब्लॉक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हुए।
इसके बाद ग्राम टीला खेड़ी में किसान संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जीतू पटवारी ने किसानों से सीधे संवाद कर न्यूनतम समर्थन मूल्य, सिंचाई व्यवस्था, खाद-बीज और बिजली से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करेगी तथा आगामी दो महीनों में प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में कांग्रेस समितियों को मजबूत किया जाएगा।
