सीहोर। जिले के शांत माने जाने वाले हीरापुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान का ताला तोड़कर लगभग ढाई लाख रुपये का सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।.दुकान मालिक रूप सिंह परमार के अनुसार यह दुकान उनके परिवार की जीवनरेखा थी. उनके पिता रामचरण परमार किसान हैं और यह दुकान ही पूरे घर की आमदनी का बड़ा जरिया थी. चोरों ने शटर का ताला तोड़ा, भीतर घुसे और पूरा स्टॉक समेटकर ऐसे गायब हो गए जैसे कभी वहां कुछ था ही नहीं. वर्षों की मेहनत एक ही रात में चोरों की भेंट चढ़ गई. चोरी गए सामान की सूची सुनकर हर कोई हैरान है।.चोर 50 किलो सुपारी, 50 किलो काजू-बादाम, पान मसाला-गुटखे के बोरे, बीड़ी की पेटी, हजारों का खाद्य तेल, करीब 3000 रुपये चिल्लर, और 10 व 20 रुपये के तीन-चार हजार नोट चोरी कर ले गए. दकुल नुकसान लगभग 2.5 लाख रुपए आंका गया है.
इस वारदात के बाद पूरे हीरापुर और आसपास के इलाकों में भय और आक्रोश का माहौल है. किसान एमएस मेवाड़ा ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी भैंस चोरी और बाइक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. उन्होंने कहा, अब चोर इतने शातिर हो चुके हैं कि उन्हें पकड़ पाना चुनौती बन गया है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों के हौसले और बुलंद होंगे. कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है. आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं.
