
रतलाम। पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर गिरोह की सबसे जटिल और संगठित साइबर ठगी का पदार्फाश किया है। इसमें शहर के एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर को मुंबई क्राइम ब्रांच और न्यायालय का डर दिखाकर 1 करोड़ 34 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई। यह रकम दे श के चार राज्यों में फैले खातों से होती हुई क्रिप्टो करेंसी नेटवर्क से ठगी गई है। इसका खुलासा करते हुए एसपी अमित कुमार से पत्रकार वार्ता में जानकारी दी।
एसपी के अनुसार 15 नवम्बर 2025 को फरियादी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल प्राप्त हुआ। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए फरियादी को गंभीर आरोपों में फंसाने का भय दिखाया। आरोपी द्वारा यह कहा गया कि फरियादी के नाम से जारी सिम का उपयोग एक बड़े फ्रॉड में हुआ है। मुंबई स्थित केनरा बैंक में लगभग 247 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग की गई है। उक्त बैंक खाते में फरियादी का आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज लगे हुए हैं। फरियादी द्वारा किसी भी प्रकार की जानकारी से इनकार करने पर उसे गिरफ्तारी वारंट जारी होने और तत्काल गिरफ्तारी का भय दिखाया गया। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से फरियादी को मानसिक दबाव में लिया गया। आधार कार्ड एवं अन्य निजी दस्तावेज प्राप्त किए गए। फरियादी के मोबाइल में सिंगल एप्प इंस्टॉल करवाया गया। वीडियो कॉल के दौरान न्यायालय जैसा सेटअप, जज, वकील एवं गवाहों का नाटकीय दृश्य दिखाकर उसे ‘डिजिटल अरेस्ट’ की स्थिति में रखा गया। इस प्रकार आरोपियों द्वारा फरियादी की संपत्ति एवं बैंक खातों की जानकारी लेकर ब्लैकमेल कर 15 से नवम्बर से 12 दिसम्बर 2025 के बीच कुल 1 करोड़ 34 लाख 50 हजार रुपये भय एवं छल के माध्यम से प्राप्त कर लिए गए।
अंतरराज्यीय कार्रवाई एवं गिरफ्तारियां : जबलपुर से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया इसमें अशोक पिता राधेश्याम जायसवाल, (61)। सनी पिता सोनु जायसवाल (34)। सारांश उर्फ शानु पिता योगेन्द्र तिवारी(18)। एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल हैं। इन आरोपियों द्वारा फरियादी से ठगी गई राशि में से कुल 14 लाख रुपये आपसी साँठ-गाँठ से अपने खातों में प्राप्त किए गए।
इन्हें नीमच से किया गिरफ्तार : पवन पिता कैलाश कुमावत (23) निवासी इन्द्रा कॉलोनी, नयागांव, थाना जावद, जिला नीमच को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खाते में 14 लाख रुपये की संदिग्ध राशि प्राप्त होना पाया गया।
गुजरात और यूपी से किया गिरफ्तार: अमरेन्द्र कुमार पिता बडेलाल प्रसाद मौर्य(34) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी एक एनजीओ संचालक है, जिसके बैंक खाते में 50 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन पाया गया।वहीं गुजरात से आरिफ घाटा, हमीद खान पठान ,शाहिद कुरेशी और सादिक हसन समा को गिरफ्तार किया। उन्होंने ठगी गई राशि का उपयोग क्रिप्टो करेंसी की खरीद में कर लगभग 5 लाख रुपये का अवैध लाभ अर्जित किया गया। वहीं एक टीम बिहार गई हैं।
सराहनीय भूमिका:निरीक्षक अमित कोरी, शंकर सिंह चौहान, उप निरीक्षक अनुराग यादव, प्रवीण वास्कले, जीवन बरिया,प्रआर हिम्मत सिंह, मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, आ. राहुल पाटीदार, तुषार सिसोदिया, मोर सिंह, विपुल भावसार, मयंक व्यास, पावन जाट, व डीडी नगर थाने से सुनील, संजय कुशवाहा आदि की सराहनी भूमिका रही।
