स्लीमनाबाद/कटनी: स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम कौड़िया में विद्युत लाइन सुधार कार्य के दौरान 40 वर्षीय मुकेश शुक्ला की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को कौड़ियां तिराहा पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा विद्युत मंडल और ठेकेदार की लापरवाही के कारण हुआ। उनका कहना है कि लाइन सुधार के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे यह दर्दनाक घटना हुई।
हादसे का संक्षिप्त विवरण
मुकेश शुक्ला सोमवार को घर के बाहर गिरती हुई सर्विस लाइन को ठीक करने लगे थे, तभी एक क्षतिग्रस्त विद्युत खंभा उनके ऊपर गिर गया। उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में तुरंत जिला अस्पताल कटनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों की प्रतिक्रिया और प्रदर्शन
घटना के अगले दिन, गुस्साए ग्रामीणों ने शव को कौड़ियां तिराहा पर रखकर सड़क जाम किया और ठेकेदार तथा विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
अधिकारियों का बयान
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता अभिषेक गढेवाल ने घटना की पुष्टि की और कहा कि मौके पर कनिष्ठ अभियंता को जांच के लिए भेजा गया है। विभाग पूरी घटना की गहन जांच करेगा और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
