इंदौर: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में दूषित पानी पीने से लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। सोमवार को भागीरथपुरा क्षेत्र में 35 से अधिक लोग अचानक बीमार हो गए। मरीजों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द और जी मिचलाने जैसे लक्षण पाए गए, जिसके बाद उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या 24 दिसंबर से बनी हुई है और अब तक करीब 150 लोग दूषित पानी के कारण प्रभावित हो चुके हैं।
हालांकि राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सोमवार देर रात अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान उनके साथ विधायक रमेश मेंदोला और महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मौजूद रहे।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दूषित पानी की वजह से यह स्थिति कैसे बनी, इसकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सभी प्रभावित लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भागीरथपुरा के निवासियों से अपील की कि वे एहतियात के तौर पर केवल उबला हुआ पानी ही पीएं और नल के पानी का सीधे उपयोग न करें। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में निगरानी और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई हैं।
