इंदौर: नववर्ष को देखते हुए पुलिस ने शहरभर में सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाया. गुंडे बदमाशों, असामाजिक तत्वों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक ही रात में बड़ी कार्रवाई की गई.पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर 27-28 दिसंबर की दरमियानी रात करीब 3 बजे तक इंदौर शहर के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त की गई.
चारों जोन के डीसीपी, वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी. इस दौरान कुल 1369 बदमाशों को चेक किया, जिनमें से 651 के खिलाफ कार्रवाई की. पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में 227 से अधिक वारंट तामील कराए, जिनमें 61 स्थाई, 84 गिरफ्तारी और 82 जमानती वारंट शामिल रहे, साथ ही 107 समंस भी तामील किए. शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई.
कुल 317 वाहन चालकों को पकड़ा, जिन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 185 प्रकरण बनाए. सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ 27 प्रकरण और अवैध मादक पदार्थ का सेवन करने वालों पर 6 प्रकरण दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की गई. आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए विभिन्न धाराओं में 74 बदमाशों पर कार्रवाई की. वहीं हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से निगरानी कर 700 से अधिक निगरानीशुदा, नकबजन, लुटेरे, चाकूबाज और जिलाबदर बदमाशों को चेक किया.
