
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल में जबलपुर, भोपाल एवं कोटा तीनों मंडलों के माल यातायात में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में बेहतर परिचालन एवं ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के परिणामस्वरूप पश्चिम मध्य रेल ने माह जून 2026 में माल यातायात से 547 करोड़ 57 लाख का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है। यह उपलब्धि गत वर्ष के इसी माह में अर्जित 502 करोड़ 12 लाख की तुलना में 09.05 प्रतिशत अधिक है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम तिमाही के दौरान पश्चिम मध्य रेल ने माल यातायात से कुल 1586 करोड़ 59 लाख का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में प्राप्त 1525 करोड़ 4 लाख के राजस्व की तुलना में 4.04 प्रतिशत अधिक है। पश्चिम मध्य रेल द्वारा माल यातायात की उत्तरोत्तर वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। माल यातायात को बढ़ावा देने हेतु मालगाड़ियों की औसत गति में वृद्धि कर विभिन्न रेल खंडों की क्षमता बढ़ाई गई है तथा आधारभूत संरचना एवं परिचालन व्यवस्था में सुधार किए गए हैं। गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल एवं साइडिंगों के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। गुड्स टर्मिनलों की कार्यप्रणाली में सुधार तथा मालगाड़ियों के डिटेंशन में कमी लाकर माल परिवहन को अधिक सुगम एवं तेज बनाया गया है। माल गोदामों में चौबीसों घंटे लोडिंग एवं अनलोडिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा नए माल गोदामों के विकास एवं उन्नयन का कार्य भी प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त नई रेल लाइनों, दोहरीकरण एवं तिहरीकरण जैसी महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं को गति प्रदान की जा रही है।
