अटरा में खूनी संघर्ष, मौत के बाद बवाल 

सतना:जिले के नागौद थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने सतना के सिविल लाइंस क्षेत्र में ओवर ब्रिज के पास लाश रखकर प्रदर्शन किया। इस वजह से इस मार्ग का यातायात अवरुद्ध हो गया, जिसका प्रभाव शहर के दूसरे मार्गों पर भी पड़ा। शनिवार की दोपहर करीब 3:00 से प्रदर्शन शुरू हुआ था जो शाम करीब 6:00 बजे तक चलता रहा। प्रदर्शनकारी हत्या के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। कानून व्यवस्था के लिहाज से एसडीएम राहुल सिलाड़िया एवं नगर पुलिस अधीक्षक डीप सिंह चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। जब तक प्रदर्शन समाप्त नहीं हुआ तब तक कोलगवां, सिटी और सिविल लाइंस टीआई सुदीप सोनी रावेंद्र द्विवेदी एवं योगेंद्र सिंह सहित रक्षित निरीक्षक देविका सिंह एवं यातायात थाना प्रभारी पंकज शुक्ला अपनी टीम के साथ यहां डटे रहे। इन्होंने समझाइश देकर प्रदर्शन समाप्त कराते हुए यातायात को बहाल किया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले के नागौद थाना की पोंडी चौकी के अंतर्गत आने वाले गांव अटरा में शुक्रवार की रात मारपीट की घटना हुई थी। कातिलाना हमले में 45 वर्षीय द्वारिका सिंह पिता गिरिजा सिंह की मौत हो गई थी जबकि वीरेंद्र सिंह नत्थू सिंह राहुल शंखू एवं प्रह्लाद आदि लोग घायल हो गए थे। यहां द्वारिका सिंह का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए और इन्हें फांसी पर लटकाना चाहिए

मृतक के छोटे भाई दिनेश सिंह ने बताया कि घटना की असली वजह चुनावी रंजिश है। उन्होंने बताया कि पिछले सरपंच के चुनाव मैदान में द्वारिका भी थे। तब से आरोपी पंकज सिंह और उनके परिजन रंजिश मानते हैं। किसी न किसी बात पर विवाद करते रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंकज सिंह के खिलाफ बीते महीनों में कई बार पुलिस से शिकायत की गई लेकिन उनके रसूख के आगे पुलिस भी हाथ पर हाथ धरे बैठी रही जिससे आरोपियों का हौसला बढ़ता गया और उन्होंने शुक्रवार की रात बड़ा कांड कर दिया।बताया गया कि हमले में लाठी और लोहे की राॅड के अलावा धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया। इतना ही नहीं वीरेंद्र सिंह को ट्रैक्टर से कुचल कर जान से मारने की कोशिश की गई। नत्थू सिंह पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। हमले में द्वारिका की मौत हो गई, बाकी घायलों की हालत ठीक नहीं है। सभी का इलाज जारी है।

Next Post

प्रभारी मंत्री को मुख्यमंत्री ने समझाया कैसे नर्मदा जल आएगा

Sun Dec 28 , 2025
सतना:मुख्यमंत्री डां मोहन यादव के प्रवास के दौरान रोचक प्रसंग यह आया कि जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जिले को नर्मदा जल आने की बात सुनकर मुख्यमंत्री से ही पूछ लिया की यह कैसे सम्भव है.स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाए गए नवीन अन्तरराज्यीय बस अड्डे के लोकार्पण […]

You May Like