
सतना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सतना जिले के अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय मेडीकल कॉलेज सतना में आयोजित कार्यक्रम में 383 करोड रूपये की लागत से बनने वाले 650 बिस्तरीय नवीन चिकित्सालय भवन के निर्माण का भूमिपूजन किया। चिकित्सालय भवन का निर्माण हो जाने से मेडिकल कॉलेज के समीप ही 650 बिस्तर के आधुनिक अस्पताल की सुविधा हो जायेगी। मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को उपचार की पै्रक्टिस के लिए दूर नहीं जाना पडेगा। सतना शहर को भी आधुनिक अस्पताल की सौगात मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय परिसर में 100 बिस्तरीय आधुनिक वार्ड एवं 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ वार्ड निर्माण का भी शिलान्यास किया। इसकी लागत 32 करोड 54 लाख रूपये है। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंत्री नगरीय विकास एवं आवास, राज्यमंत्री नगरीय विकास एवं आवास श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मेडीकल कालेज के डीन डॉ. एसपी गर्ग, चिकित्सक गण तथा नर्सिग स्टाफ उपस्थित रहा।
