बालाघाट: जिले के लालबर्रा थाना क्षेत्र में रेत माफिया की दबंगई और कानून का खौफ खत्म होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।मंगलवार की देर शाम कामथी क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे पुलिस प्रधान आरक्षक राजेश्वर रहाँगडाले पर एक ट्रैक्टर चालक ने बेरहमी से वाहन चढ़ा दिया। इस जानलेवा हमले में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालबर्रा थाने में पदस्थ आरक्षक सुशील और प्रधान आरक्षक राजेश्वर रहाँगडाले को कामथी में अवैध रेत के परिवहन की मुखबिर से सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे आरक्षकों ने जब कार्रवाई शुरू की और घटना स्थल का वीडियो बनाना चाहा, तभी ट्रैक्टर चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए आरक्षक राजेश्वर पर सीधे ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और घायल आरक्षक को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोंदिया रेफर कर दिया।घटना की भनक लगते ही मंगलवार देर रात आईजी ललित शाक्यवार और एसपी आदित्य मिश्रा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरक्षक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस प्रशासन ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है।आईजी ललित शाक्यवार ने बताया कि वारदात के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन चालक को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है और ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।
