
इंदौर. लसूडिया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर अचानक सड़क पर फैले केमिकल से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी. पंचवटी इलाके से गुजर रहे लोगों को इसकी तेज चुभन महसूस हुई और कुछ ने आंखों में जलन व खुजली की शिकायत की. सूचना के बाद पुलिस, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और सड़क पर फैले केमिकल को हटाने का काम शुरू किया.
फायर ब्रिगेड ने करीब 5 हजार लीटर पानी डालकर प्रभावित हिस्से को साफ किया. पुलिस ने भी सुरक्षा के लिहाज से मौके पर आवाजाही नियंत्रित कर दी थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि केमिकल एक ट्रक से रिसकर सड़क पर गिरा था. ट्रक मांगलिया की ओर जा रहा था, लेकिन घटना के बाद वह मौके पर नहीं मिला. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में कौन-सा केमिकल भरा था और रिसाव किस वजह से हुआ. वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
सड़क साफ कर यातायात कराया सुचारू : एसीपी…
एसीपी पराग सैनी ने नव भारत को बताया कि सड़क पर केमिकल फैलने की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर भेजी गई थी. सड़क को साफ करवाने के साथ यातायात भी सुचारू करा दिया गया. इसके बाद केमिकल और ट्रक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
