
रीवा। रीवा के गढ़ थाना अन्तर्गत ग्राम पंचायत गढ़ में चने की भाजी खाने से उपचार के दौरान एक की मौत हो गई.
तीन लोगो की भोजन के बाद हालत बिगड़ी थी जहा उपचार के दौरान एक की मौत हो गई. दरअसल खेत में कीटनाशक दवा का छिडक़ाव किया गया था और इसकी जानकारी नही थी. भाजी खाने से एक ही परिवार के तीन लोगो की हालत बिगड़ी थी. बीते 23 दिसंबर को ग्राम पंचायत गढ़ निवासी श्याम कली कोल खेत से चने की भाजी तोडक़र लाई थीं. रात लगभग 9:00 बजे भाजी पकने के बाद, परिवार के तीन सदस्यों शंकर कोल उर्फ बंटी पिता हिंगलाल कोल पत्नी श्याम कली और पुत्री साधना ने इसका सेवन किया. भोजन के उपरांत रात 10:00 बजे से ही तीनों की तबीयत बिगडऩे लगी और उन्हें लगातार उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई. स्थानीय चिकित्सकों द्वारा स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाज करने से मना कर दिया गया, जिसके बाद तीनों को तत्काल रीवा स्थित संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. दो दिन के उपचार के बाद पति-पत्नी घर लौट आए थे. हालांकि, 26 दिसंबर को शंकर कोल की स्थिति पुन: बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दोबारा संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया. दोपहर 12:00 बजे उपचार के दौरान शंकर कोल का स्वर्गवास हो गया. जानकारी के अनुसार चने की फसल में कीटनाशक का छिडक़ाव था.
