
इंदौर. इंदौर से गाजियाबाद के बीच हवाई सफर करने वालों के लिए झटका है. कुछ ही समय पहले शुरू हुई सीधी उड़ान को एयरलाइन कंपनी ने बंद कर दी है, जिससे इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों की सीधी कनेक्टिविटी खत्म हो गई है.
एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंदौर से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए शुरू की गई सीधी उड़ान अब बंद कर दी गई है. इस फैसले के बाद इंदौर से गाजियाबाद या आसपास के उत्तरप्रदेश के शहरों में जाने वाले यात्रियों को एक बार फिर दिल्ली होकर ही सफर करना पड़ेगा. उल्लेखनीय है कि यह उड़ान केंद्र सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम उड़ान के तहत 21 जुलाई से शुरू की गई थी. उद्देश्य था कि इंदौर को गाजियाबाद के साथ साथ दिल्ली और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के शहरों से बेहतर हवाई कनेक्शन मिले. हिंडन एयरपोर्ट को दिल्ली के वैकल्पिक एयरपोर्ट के रूप में भी देखा जा रहा था, जहां से 20 से 30 मिनट में राजधानी तक पहुंचा जा सकता है. उड़ान स्कीम के तहत शुरू होने के कारण इस फ्लाइट का किराया भी इंदौर दिल्ली की नियमित उड़ानों की तुलना में कम रखा था. इसके बावजूद हाल ही में एयरलाइन ने इस रूट पर संचालन बंद कर दिया. इससे न सिर्फ इंदौर का उत्तरप्रदेश के शहरों से सीधा हवाई संपर्क टूटा है, बल्कि गाजियाबाद जाने वाले यात्रियों की सुविधा भी छिन गई है. ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि शुरुआत से ही इस फ्लाइट को उम्मीद के मुताबिक यात्री नहीं मिल रहे थे. इंदौर से गाजियाबाद के बीच सफर करने वालों की संख्या सीमित है, जिसके चलते विमान की सीटें अक्सर खाली रहती थीं. उन्होंने यह भी बताया कि कई मौकों पर फ्लाइट को गाजियाबाद की जगह दिल्ली में उतारा गया. यात्रियों की लगातार कमी के चलते ही कंपनी द्वारा इस उड़ान को बंद करने का निर्णय लिया है.
