हैदराबाद | भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश अब टल गया है। सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ और रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ आगामी 19 मार्च को एक साथ रिलीज होने वाली थीं, लेकिन ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स ने फिल्म की रिलीज जून 2026 तक टाल दी है। मेकर्स के अनुसार, मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक फिल्म की पहुँच प्रभावित न हो, इसलिए यह फैसला लिया गया है। इस रणनीतिक बदलाव से अब रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ को मैदान खाली मिल गया है, जिससे फिल्म की कमाई के सारे रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद जताई जा रही है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श सहित कई विशेषज्ञों का मानना है कि सोलो रिलीज होने से ‘धुरंधर 2’ पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लेकर आएगी। फिल्म के डे-1 कलेक्शन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि यह 200 करोड़ रुपये के आंकड़े के साथ खाता खोल सकती है। अकेले हिंदी वर्जन से 60 से 80 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 160-170 करोड़ रुपये की ओपनिंग का अनुमान है। फिल्म के पहले पार्ट की भारी सफलता के बाद दर्शकों में ‘धुरंधर 2’ को लेकर जबरदस्त क्रेज है और ट्रेड पंडितों का मानना है कि यह फिल्म अपने लाइफटाइम कलेक्शन में 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म की सबसे बड़ी उत्सुकता ‘बड़े साहब’ के किरदार को लेकर है, जिसके लिए सलमान खान और इमरान हाशमी के नाम चर्चा में हैं। फिल्म में संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना (फ्लैशबैक) जैसे दिग्गजों की मौजूदगी ने इसे साल की सबसे बड़ी फिल्म बना दिया है। लगभग 3 घंटे 55 मिनट के संभावित रनटाइम वाली इस फिल्म के टीजर को सेंसर बोर्ड पहले ही ‘ए’ सर्टिफिकेट दे चुका है। 19 मार्च को रिलीज होने वाली इस एक्शन थ्रिलर के साथ रणवीर सिंह एक बार फिर बॉक्स ऑफिस के ‘धुरंधर’ साबित होने के लिए तैयार हैं।

