उप जेलर दिलीप सिंह रीवा अटैच योगेन्द्र परमार को छतरपुर जेल का प्रभार

छतरपुर। जिला जेल में हाल के दिनों में हुई दो गंभीर घटनाओं के बाद जेल विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण पर उठे सवालों के बीच महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं डॉ. वरुण कपूर ने अहम प्रशासनिक निर्णय लेते हुए उप जेलर दिलीप सिंह को पद से हटा दिया है।

जेल विभाग के आदेश के अनुसार दिलीप सिंह को तत्काल प्रभाव से केन्द्रीय जेल रीवा संबद्ध किया गया है। वहीं, केन्द्रीय जेल रीवा में पदस्थ उप जेल अधीक्षक योगेन्द्र परमार को छतरपुर जिला जेल का नया प्रभारी बनाया गया है। उन्हें जेल के आंतरिक प्रबंधन, बंदियों की सुरक्षा और समग्र व्यवस्था को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उल्लेखनीय है कि 19 दिसंबर 2025 को जिला जेल में बंद विचाराधीन कैदी लख्खू उर्फ महेश्वरीदीन ने एक अन्य दंडित कैदी हाकिम उर्फ अंतू पर पत्थर से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके कुछ दिन बाद 25 दिसंबर 2025 को दंडित बंदी शंकर प्रजापति ने जेल परिसर में स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

लगातार हुई इन घटनाओं ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए जेल विभाग ने यह प्रशासनिक बदलाव किया है। नए प्रभारी अधिकारी से अब जेल में अनुशासन, निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद की जा रही है।

Next Post

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की मौत 

Sat Dec 27 , 2025
मुलताई। नेशनल हाईवे बैतूल रोड पर बानूर खापा जोड़ के पास शुक्रवार की रात एक ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जाता है ग्राम जलालखेड़ा महाराष्ट्र निवासी रविंद्र पिता बबलू चिल्हाटे 21साल एवं रोशन पिता संतोष चौहान […]

You May Like