
भोपाल। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में असमय वर्षा, तेज आंधी और ओलावृष्टि से फसलों को हुए व्यापक नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सिंघार ने भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, बड़वानी, बैतूल और रायसेन सहित कई जिलों में किसानों को हुए भारी नुकसान का उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि गेहूं, सरसों और चने की खड़ी तथा कटी फसलें खराब मौसम के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने में देरी के कारण किसानों को अपनी उपज खेतों और खलिहानों में ही रखना पड़ा, जिससे वह मौसम की मार झेलने को मजबूर हुए।
सिंघार ने राजस्व एवं कृषि विभाग द्वारा तत्काल, पारदर्शी और समयबद्ध सर्वे कराने की मांग की है, ताकि वास्तविक नुकसान का आकलन हो सके। साथ ही प्रभावित किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने और खराब हुई उपज के लिए गुणवत्ता मानकों में छूट देकर खरीदी सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
उन्होंने किसानों की परेशानी को देखते हुए त्वरित राहत देने के लिए शीघ्र कदम उठाने का आग्रह किया है।
