
रीवा। रीवा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार की सुबह से कामबंद हड़ताल शुरू कर दी है. सभी सफाईकर्मी नगर निगम कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की, सुबह से दोपहर तक सफाई कर्मी ड़टे रहे. हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है, चारो तरफ गंदगी फैली है और कचरे का ढ़ेर लगा है. महापौर, आयुक्त पहुंचे और आश्वासन दिया, उसके बाद दोपहर हड़ताल समाप्त हो गई. नियमित किये जाने, आवासीय व्यवस्था और अवकाश प्रदान करने सहित कई मांगो को लेकर सफाई कर्मचारी संघ के आवाहन पर कामबंद हड़ताल शुरू की गई है. संघ के अध्यक्ष सीताराम ने बताया कि कई बार महापौर एवं नगर निगम आयुक्त से समस्या बताने के साथ मांग पत्र सौपा गया लेकिन कोई सुनवाई नही हुई. कामबंद हड़ताल का अल्टीमेटम दिया गया था और तय मुताबिक शनिवार की सुबह से कामबंद हड़ताल शुरू कर दी गई है. सुबह 11 बजे डिप्टी कमिश्नर सफाई कर्मियों से मुलाकात कर समय मांगा है और कहा कि अधिकारियों से बात कर मांगो का निराकरण कराया जायेगा. सफाई कर्मियों की मांग है कि जो 10-12 साल से काम कर रहे है उन्हे नियमित किया जाय और शनिवार को एक दिन का अवकाश देने के साथ आवास की व्यवस्था दी जाय. इसके साथ ही बिना नोटिस के जिन सफाई कर्मियों को हटाया गया है उन्हे वापस रखा जाय.
महापौर के आश्वासन पर हड़ताल समाप्त
कामबंद हड़ताल पर डटे सफाई कर्मियों से महापौर अजय मिश्रा बाबा एवं नगर निगम आयुक्त डा. सौरभ सोनवणे ने मुलाकात की और मांगे पूरी किये जाने का आश्वासन दिया. महापौर ने नियमित किये जाने की मांग को शासन के पास भेजने की बात कही. साथ ही जिन सफाई कर्मियों को निकाला गया है उनका परीक्षण कर गुणदोष के आधार पर वापस लिये जाने का आश्वासन दिया. जिसके बाद कामबंद हड़ताल समाप्त हो गई.