भिण्ड: आलमपुर क्षेत्र के भड़ेरी गांव के गौंड़ बाबा मन्दिर पर वार्षिक मेले का आयोजन किया गया। इसमें आस-पास के 20 से ज्यादा गांवों के लगभग 10 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे। भड़ेरी गांव में गौंड़ बाबा मन्दिर पर इस मेले का आयोजन बीते 40 सालों से किया जा रहा है। मेले में भड़ेरी गांव के आस-पास के दो दर्जन से अधिक गांवों के दर्शनार्थियों और सैलानियों की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मेला घूमने के लिए सैलानी पहुंचने लगे।
उन्होंने सबसे पहले गौंड़ बाबा के दर्शन किए, उसके बाद मेला घूमा। लोगों ने घर गृहस्थी का सामान और पशुओं को सजाने का सामान खरीदा। वहीं बच्चों ने जमकर झूले और चाट-पकौड़ी का आनंद लिया। मेले में इंदरगढ़, मोठ, कोंच, भगुवापुरा, भांडेर, समथर, सेंवढ़ा, आलमपुर, दबोह, लहार के व्यापारियों द्वारा दुकानें लगाई गई हैं।
गौंड़ बाबा मंदिर में चढ़ाए जवारे
लोगों ने अपनी मन्नत पूरी होने पर मेले में पहुंचकर बाबा के मन्दिर में जवारे चढ़ाए। मन्दिर के पुजारी ने बताया कि इस वार्षिक मेले का आयोजन माघ माह की चतुर्थी को शुरू किया जाता है, लोग अपनी इच्छापूर्ति पर मन्दिर पर जवारे चढ़ाते हैं और झंडा चढ़ाते हैं। गौंड़ बाबा मन्दिर की ऐसी मान्यता है कि नि:संतान दंपत्ति यहां अर्जी लगाते हैं और मन्नत पूरी होने के बाद लोग यहां आकर मन्दिर पर जवारे चढ़ाते हैं या कन्या भोज कराते हैं।
