नयी दिल्ली 26 दिसम्बर (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के राभा, मिसिंग और तिवा समुदायों के लोगों को उनकी समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। इन तीनों समुदायों के प्रतिनिधिमंडलों ने शुक्रवार को यहां गृह मंत्री से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद श्री शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि गृह मंत्रालय इन लोगों की समस्याओं की समाधान के लिए जल्द ही एक वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति करेगा जो इन समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करेगा।
श्री शाह ने कहा , ” मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की उपस्थिति में असम के राभा, मिसिंग और तिवा समुदायों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की।उनकी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी वास्तविक चिंताओं का समाधान किया जाएगा। गृह मंत्रालय शीघ्र ही एक वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति करेगा, जो सौहार्दपूर्ण और स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करेगा।”
उल्लेखनीय है कि इन तीनों समुदायों के लोग अपनी स्वायत्त परिषदों को संवैधानिक दर्जा दिये जाने की मांग कर रहे हैं।
