
भोपाल। टीटी नगर थाना इलाके में एक आटो को बदमाश ने आग के हवाले कर दिया. सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई. मामले की शिकायत के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक आटो के मालिक ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी. फरियादी ने बताया कि उसने अपना आटो सुनहरी बाग के पास खड़ा किया था. बुधवार को देर रात को अज्ञात बदमाश ने उसमें आग लगा दी. आगजनी की घटना होने पर आसपास के रहवासियों ने मौके पर पहुंच कर आग को बुझाया. आग की चपेट में आए आटो का लगभग पूरा हिस्सा जल कर खराब हो गया. मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने घटना की जांच शुरू की. घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली गई, जिसमें अज्ञात बदमाश बुधवार की देर रात करीब 2 बजे दिखाई दिया. फुटेज में बदमाश अपने चेहरे को मफलर से ढ़का हुआ है. सुनियोजित तरीके से वह आटो पर पहले ज्वलनशील पदार्थ छिड़कता दिखा. इसके बाद आरोपी ने आटो में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया. पुलिस अज्ञात आरोपी के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान करते हुए तलाश कर रही है.
