काबुल, 25 दिसंबर (वार्ता) अफगानिस्तान के सूचना और संस्कृति मंत्रालय ने देश के पूर्वी क्षेत्र में स्थित एक संग्रहालय की ऐतिहासिक कलाकृतियों को डिजिटल बनाने का निर्णय लिया है। सरकारी समाचार पत्र द काबुल टाइम्स डेली ने गुरुवार को यह जानकारी दी। समाचार पत्र ने मंत्रालय के बयान का हवाला देते हुए कहा कि नंगरहार प्रांत के पूर्वी क्षेत्र संग्रहालय में कलाकृतियों के लिए ‘3डी डिजिटलीकरण’ कार्यक्रम इस सप्ताह की शुरुआत में प्रांतीय सूचना और संस्कृति प्राधिकरण के तहत शुरू हुआ।
रिपोर्ट में बताया गया कि संग्रहालय में वर्तमान में विभिन्न कालखंडों की 1,420 से अधिक ऐतिहासिक कलाकृतियां मौजूद हैं। अखबार के अनुसार इस डिजिटलीकरण पहल का उद्देश्य कलाकृतियों का बेहतर संरक्षण, प्रदर्शनियों की सुविधा , शैक्षणिक अनुसंधान का समर्थन और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। सरकारी समाचार पत्र ने कहा कि अफगान सरकार अफगानिस्तान की ऐतिहासिक विरासत की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उसने युद्ध के बाद के इस देश में प्राचीन कलाकृतियों के संरक्षण के लिए कोई कसर न छोड़ने का संकल्प लिया है।

