रेहटी। जमीन के विवाद में सोमवार की रात ग्रामीण की कुल्हाड़ी मारकर नृशंस हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने मय कुल्हाड़ी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक अन्य साथी फिलहाल फरार बताया जाता है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामराज कीर ग्राम मट्टागांव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोमवार की रात लगभग 9 बजे उनके भाई धनराज कीर उम्र 50 वर्ष की जमीन विवाद एवं पुरानी रंजिश के चलते गांव के मनीष कीर ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर हत्या कर दी. पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल टीम गठित की गई. मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को ग्राम मठ्ठागांव से आरोपी मनीष कीर पिता गंभीर सिंह कीर उम्र 25 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से कुल्हाड़ी को भी जब्त किया गया.
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताया जाता है. जिसकी तलाश पुलिस द्वारा निरंतर की जा रही है.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे सहित उपनिरीक्षक नंदराम अहिरवार, उपनिरीक्षक सुशी पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, प्रधान आरक्षक फूलसिंह, जयनारायण, दीपक सेन, आरक्षक दीपक कटारे, रामकुमार शर्मा, अखलेश, संतोष, विकास नागर, शिवम, अभिषेक यादव एवं सैनिक अनोखीलाल गौर की सराहनीय भूमिका रही.
