लीबियाई दुर्घटनाग्रस्त विमान ने की थी तुर्की से आपातकालीन लैंडिंग का अनुरोध

अंकारा, (वार्ता) वरिष्ठ लीबियाई सैन्य अधिकारियों को ले जा रहे एक निजी विमान ने तकनीकी खराबी के बाद अंकारा के दक्षिण में दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ ही समय पहले आपातकालीन लैंडिंग का अनुरोध किया था। यह जानकारी एक तुर्की अधिकारी ने बुधवार को दी।

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में लीबिया के सेना प्रमुख मोहम्मद अल-हद्दाद, चार अन्य सैन्य अधिकारियों और तीन चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई।

तुर्की संचार निदेशालय के प्रमुख बुरहानेटिन दुरान के अनुसार, मंगलवार शाम को अंकारा के एसेनबोगा हवाई अड्डे से त्रिपोली के लिए उड़ान भरने के बाद डसॉल्ट फाल्कन 50 बिजनेस जेट ने विद्युत खराबी के कारण उत्पन्न आपात स्थिति के बारे में हवाई यातायात नियंत्रण को सूचित किया।

दुरान ने सोशल मीडिया पर कहा, “आपातकालीन लैंडिंग के लिए नीचे उतरना शुरू कर चुका विमान 20:36 (1736 जीएमटी) पर रडार स्क्रीन से गायब हो गया और उसके बाद उससे दोबारा संपर्क स्थापित नहीं हो सका।”

अल-हद्दाद उच्च स्तरीय सैन्य वार्ता के लिए तुर्की की राजधानी में थे और मंगलवार को इससे पहले उन्होंने तुर्की के रक्षा मंत्री यासर गुलेर और अन्य वरिष्ठ तुर्की रक्षा अधिकारियों से मुलाकात की थी।

तुर्की के आंतरिक मंत्री अली येरलिकाया ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है और क्षेत्र में मौजूद शवों की न्यायिक जांच के अंतर्गत फोरेंसिक जांच की जा रही है।

येरलिकाया ने कहा कि लीबिया का एक प्रतिनिधिमंडल तुर्की पहुंच गया है और तुर्की के अधिकारियों के साथ जांच प्रक्रिया में शामिल होगा।

 

Next Post

इजरायली प्रतिनिधिमंडल का युद्धविराम वार्ता, बंधक के शव की वापसी के लिए काहिरा दौरा

Thu Dec 25 , 2025
यरूशलम, (वार्ता) इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने बुधवार को कहा कि एक इजरायली प्रतिनिधिमंडल आज हमास के साथ युद्धविराम को लागू करने के लिए मध्यस्थों के साथ बातचीत करने के लिए काहिरा गया, जिसका मुख्य उद्देश्य गाजा में बंधक बनाए गए अंतिम इजरायली बंधक के शव की वापसी […]

You May Like