
भोपाल । निशातपुरा थाना इलाके में एक युवक का शव मिलने से बुधवार को सनसनी फैल गई. शव करोंद मंडी के बाउंट्रीवाल के पास देखा गया. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद करते हुए, जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार मृतक के पास मिले फोन के आधार पर शिनाख्त की गई. मृतक हैदर अली (35) हाउसिंग बोर्ड में अपने परिवार के साथ रहता था. मृतक के परिजनों के बयान के मुताबिक हैदर आटो चलाकर अपना गुजारा करता था. मंगलवार की दोपहर से ही वह ऑटो लेकर घर से निकला था. परिजनों ने देर रात को उसे काल किया था. हैदर का फोन लगातार नहीं उठने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. हैदर के शव की परिजनों की तरफ से शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के लिए भेज दिया है.
सामने आई जानकारी के अनुसार मंड़ी में आवागमन करने वाले लोगों ने सुबह के समय शव देखा. उसके आसपास सिरिंज और कुछ पुडिया भी देखी गई. इसके बाद लोगों ने 112 पर सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया. मृतक के परिजनों को भी इसकी सूचना दी गई. पुलिस मामले में हत्या और आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है.
