भिंड: भिंड में इटावा-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 को सिक्स लेन बनाने की मांग को लेकर खंडा रोड पर संतों के धरने में एक संत की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मध्यप्रदेश विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष हेमन्त कटारे अस्पताल पहुंचे और संत के चरण स्पर्श कर उनका अनशन तुड़वाया। उन्होंने कहा कि संतों को सड़क पर बैठना पड़े, यह हमारे लिए शर्म की बात है।
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा किसी पार्टी या संगठन का नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा मामला है, जिससे हर वर्ग किसान, व्यापारी, युवा, भाजपा-कांग्रेस सभी प्रभावित हैं। कटारे ने बताया कि वे इस मांग को विधानसभा में पहले भी उठा चुके हैं और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भी व्यक्तिगत रूप से निवेदन किया गया है।विधायक हेमन्त कटारे ने संतों से आग्रह किया कि वे भूख हड़ताल न करें।
