
मुलताई। मध्य रेल मुंबई के महाप्रबंधक विवेक गुप्ता ने बुधवार दोपहर मुलताई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर डीआरएम विनायक गर्ग भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जीएम गुप्ता ने स्टेशन पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लिफ्ट के सामने भवन का पिलर आ जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही स्टेशन परिसर में स्थापित माइक्रोवेव टावर को अनावश्यक बताते हुए उसे हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने वी मेन गेट के सामने रैंप निर्माण कराने तथा दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए डिजिटल बोर्ड में ब्रेल लिपि के उपयोग के निर्देश भी दिए।
जन आंदोलन मंच व अधिवक्ता संघ ने सौंपे ज्ञापन
निरीक्षण के दौरान जन आंदोलन मंच एवं अधिवक्ता संघ मुलताई ने जीएम विवेक गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर मुलताई स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी। जन आंदोलन मंच के अनिल सोनी, मनोज नानचू अग्रवाल, मिलिंद खातरकर सहित सदस्यों ने अमरावती-नागपुर-जबलपुर तथा वंदे भारत इंदौर-नागपुर ट्रेन के स्टॉपेज की मांग की। साथ ही स्टेशन परिसर में सीमेंट रोड एवं माल धक्के के निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई।
वहीं अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सी.एस. चंदेल, अधिवक्ता गुणवंत निम्बूलकर, परसराम कोड़ले सहित अन्य अधिवक्ताओं ने उच्च न्यायालय आवागमन की सुविधा हेतु मुलताई से नागपुर, जबलपुर तथा जीटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी। इसके अतिरिक्त रामनगरवासियों ने पुलिया क्रमांक 896/1 पर अंडरब्रिज निर्माण की मांग भी रखी।
