
इंदौर. इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों के निरस्त होने का सिलसिला थम नहीं रहा है. सोमवार को इंदौर एयरपोर्ट से हैदराबाद और चेन्नई रूट की चार उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इससे पहले रविवार रात को भी जयपुर से आने जाने वाली उड़ानें रद्द रहीं थीं. लगातार उड़ानें निरस्त होने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक सोमवार सुबह 6:50 बजे हैदराबाद से इंदौर पहुंचने और 7:25 बजे वापस हैदराबाद जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को कंपनी ने रद्द कर दिया. इसी तरह रात 9:40 बजे चेन्नई से इंदौर आने और 10:10 बजे वापस चेन्नई जाने वाली उड़ान भी निरस्त कर दी गई. कंपनी की ओर से इन यात्रियों के लिए रिफंड और री बुकिंग का विकल्प उपलब्ध कराया है. इंडिगो की उड़ानें लगातार बाधित हो रही हैं. रात कंपनी ने 8:40 बजे इंदौर से जयपुर जाने वाली फ्लाइट रद्द कर दी थी. देरी के चलते रात 10 बजे जयपुर से इंदौर आने वाली उड़ान भी उड़ान शेड्यूल से बाहर कर दी गई. बताया जा रहा है कि सुबह 6:35 बजे जयपुर जाने वाली फ्लाइट को रद्द होने से बचाने के लिए रात में विमान को इंदौर में ही खड़ा रखा गया था. इससे रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. इस बीच इंदौर एयरपोर्ट से रीवा के लिए सीधी उड़ान की शुरुआत भी कर दी गई है. हालांकि, इंडिगो ने इस नई सेवा के बदले इंदौर जोधपुर उड़ान को बंद कर दिया है. एयरपोर्ट प्रबंधन के सूत्रों ने बताया कि नई उड़ान से रीवा आने जाने वालों को फायदा मिलेगा, जबकि जोधपुर रूट के यात्रियों को अब असुविधा झेलना पड़ेगी. फिलहाल इंदौर से राजस्थान के लिए केवल जयपुर और उदयपुर की सीधी उड़ानें ही रहेंगी. वहीं, लगातार उड़ानें निरस्त होने से यात्रियों में नाराजगी है और वे कंपनी की उड़ान संचालन क्षमता पर सवाल उठा रहे हैं.
