इंदौर: लसूडिया थाना क्षेत्र में गुरुवार 21 मई को गुलाब बाग पेट्रोल पंप के सामने हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल तीन आरोपी अभी फरार हैं.हत्या पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते की गई थी. आरोपी गुलशन यादव ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर अभि तोमर की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के दिन शिकायतकर्ता अमन राजावत अपने दोस्तों के साथ गुलाब बाग पेट्रोल पंप के पास मौजूद था.
इसी दौरान अभि तोमर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसकी कार में बैठकर बातचीत कर रहा था. तभी दो बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. बाद में अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंचे और गोलीबारी की. गंभीर रूप से घायल अभि तोमर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस दौरान एक अन्य व्यक्ति भी छर्रों से घायल हुआ. पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गुलशन यादव ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए पूरी योजना बनाई थी. इसके लिए सभी आरोपी बॉम्बे हॉस्पिटल के पास एक होटल में रुके और वहीं वारदात की साजिश रची गई.
इसके बाद पेट्रोल पंप के पास पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया गया. घटना के बाद आरोपी अलग-अलग होकर फरार हो गए और शहर व आसपास के इलाकों में छिपते रहे. तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पीयूष गुर्जर, सत्यवीर जाटव, गौरव मौर्य, नरेश चौरसिया और भानु गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उपायुक्त जोन 2 अमन सिंह राठौर ने बताया कि पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार किया है. पुलिस ने घटना में उपयोग वाहन भी जब्त किया है. वहीं मुख्य आरोपी गुलशन यादव, डीलू उर्फ चंद्रकांत लहरिया और गौरव जाटव अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है तथा सभी आरोपियों को जल्द न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा
