
सैलाना। खाद और बिजली सहित अन्य समस्या को लेकर आयोजित कांग्रेस के धरना प्रदर्शन में विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसान शामिल हुए। रैली के रूप में सभी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और धरना देकर राज्यपाल के नाम ज्ञाापन सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत के नेतृत्व में सोमवार को किसानों की समस्याओं को लेकर नगर में विरोध प्रदर्शन हुआ। दिलीप मार्ग खांकी हनुमान मंदिर से निकली रैली मुख्य मार्ग से होती हुई एसडीएम कार्यालय पहुंची। किसानों की भीड़ से एसडीएम परिसर छोटा पड़ता नजर आया।
यहां श्री गेहलोत ने प्रशासन से किसानों की समस्या को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए खाद, बिजली समस्या का त्वरित समाधान करने का कहा। श्री गेहलोत ने कहा कि आज का प्रदर्शन महज सचेत करने के लिए है। समस्या का निदान नहीं होने पर कांग्रेस जिले में और भी बड़े प्रदर्शन करेंगी। धरने को डीपी धाकड़, वीरेंद्र सोलंकी, युसूफ कड़पा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी सम्बोधित किया। धरने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने राज्यपाल के नाम एसडीएम तरुण जैन को ज्ञापन सौपा। प्रदर्शन के दौरान सैलाना ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश डिंडोर, रावटी ब्लाक अध्यक्ष नरेंद्र गरवाल, सरवन ब्लाक अध्यक्ष छगन भगोरा,बाजना ब्लाक अध्यक्ष प्रकाश डामर पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला,पूर्व कृषिमंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, श्री राम चौधरी, युवा कांग्रेस नेता हनी गेहलोत,पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह राठौड़, पार्षद मंगलेश कसेरा सहित बड़ी संख्या मे कांग्रेस पदाधिकारी -कार्यकर्ता व किसान उपस्थित थे।
