गणतंत्र दिवस की तैयारियां शुरू, 26 जनवरी को लाल परेड मैदान में होगा राज्य स्तरीय समारोह

भोपाल। प्रदेश में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह 26 जनवरी को भोपाल के जहांगीराबाद स्थित ऐतिहासिक लाल परेड मैदान में आयोजित होगा, जबकि पारंपरिक “बीटिंग द रिट्रीट” समारोह 29 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।

दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों के सिलसिले में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसएएफ) चंचल शेखर ने सोमवार को नवीन पुलिस मुख्यालय के भूतल स्थित सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस की गरिमा और महत्त्व को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियों को समय पर अंतिम रूप दिया जाए।

बैठक में गणतंत्र दिवस परेड के लिए विभिन्न इकाइयों से बल की तैनाती, परेड मैदान की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, दर्शकों एवं आमंत्रित अतिथियों की बैठक व्यवस्था, झांकियों तथा चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित जिम्मेदारियाँ विभिन्न अधिकारियों को सौंपी गईं। साथ ही बीटिंग द रिट्रीट समारोह में बजने वाली धुनों के चयन, आतिशबाजी और विद्युत व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए तथा अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल 4 जनवरी से शुरू होगी, जबकि फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल 24 जनवरी को आयोजित की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर निगम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। 29 जनवरी को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाला बीटिंग द रिट्रीट समारोह प्रदेश में गणतंत्र दिवस आयोजनों का औपचारिक समापन करेगा।

Next Post

शासन कागजों में चलता है, जमीन पर नहीं: मनोज यादव

Mon Dec 22 , 2025
भोपाल। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने आज कहा कि राज्य में अवैध वसूली के चेक पोस्ट आज भी खुलेआम संचालित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि रिपोर्टों के अनुसार एक ही चेक पोस्ट से प्रतिदिन 40 से अधिक ट्रक अवैध रूप से पास किए जा रहे […]

You May Like