बुधनी। कृषि क्षेत्र में महिलाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान में महिला प्रशिक्षण प्रकोष्ठ, ड्रोन अनुकरण प्रयोगशाला का शुभारंभ किया गया. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दोनों इकाइयों का उद्घाटन किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बुधनी स्थित यह संस्थान महिला किसान सशक्तिकरण का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा. यहां महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्र एवं ड्रोन प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनें और कृषि क्षेत्र में नई भूमिका निभा सकें.
केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने कहा कि महिला प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के माध्यम से महिलाओं को कृषि यंत्रों के संचालन, आधुनिक खेती, तकनीकी कौशल और नवाचारों का प्रशिक्षण दिया जाएगा. वहीं ड्रोन अनुकरण प्रयोगशाला में कृषि कार्यों में ड्रोन तकनीक के व्यावहारिक प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे महिला प्रशिक्षु आधुनिक कृषि से जुड़ सकेंगी. कार्यक्रम में संयुक्त सचिव एस रुक्मणी, उप आयुक्त एएन मेश्राम तथा केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान निदेशक बीएम नांदेड, विधायक रमाकांत भार्गव, जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एसडीएम, एसडीओपी, संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी, महिला किसान एवं प्रशिक्षु मौजूद रहे.
ट्रैक्टर प्रशिक्षण केंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया गया. इस मौके पर किसान संवाद, आधुनिक कृषि तकनीकों व ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन भी किया गया.
