मेट्रो का पहला दिन: 7 साल के बच्चे से 75 साल के बुजुर्ग तक ने किया सफर, डांस और सेल्फी भी

भोपाल। राजधानी भोपाल में आज मेट्रो के पहले कमर्शियल रन के साथ शहरी परिवहन के एक नए युग की शुरुआत हो गई। सुबह 9 बजे एम्स स्टेशन से रवाना हुई मेट्रो ने करीब 30 मिनट में सुभाष नगर स्टेशन तक का सफर तय किया। पहले ही दिन करीब सैकड़ों यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया, जिनमें 7 साल के बच्चे से लेकर 75 साल तक के बुजुर्ग शामिल रहे।

आज पहले सफर को यादगार बनाने के लिए लोग तय समय से पहले ही स्टेशनों पर पहुंच गए थे। मेट्रो के भीतर उत्साह का माहौल ऐसा रहा कि कुछ यात्री डांस करते नजर आए, तो कई ने मोबाइल में वीडियो और सेल्फी लेकर इस पल को संजोया। जैसे ही मेट्रो अलकापुरी, डीआरएम, रानी कमलापति और एमपी नगर स्टेशनों से आगे बढ़ी, आधुनिक अनाउंसमेंट,अगला स्टेशन बोर्ड ऑफिस है, दरवाजे बाईं ओर खुलेंगे, यात्रियों के लिए खास आकर्षण बना।

भोपाल मेट्रो के शुरू होने के साथ ही राजधानी देश का 26वां मेट्रो शहर बन गई है। मध्यप्रदेश में इससे पहले इंदौर में 31 मई को मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू हुआ था।

प्रारंभिक चरण में मेट्रो सेवा सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगी। इस दौरान कुल 17 ट्रिप रहेंगी। एम्स, अलकापुरी, डीआरएम, रानी कमलापति, एमपी नगर, डीबी मॉल, केंद्रीय स्कूल और सुभाष नगर स्टेशन यात्रियों के लिए खुले रहेंगे। फिलहाल हर 75 मिनट में एक मेट्रो उपलब्ध होगी।

पहले ही दिन दिखे उत्साह से साफ है कि आने वाले दिनों में भोपाल मेट्रो न सिर्फ सफर का साधन बनेगी, बल्कि शहर की नई पहचान भी गढ़ेगी।

Next Post

प्रशासन की फाइलों से फिटनेस ट्रैक तक: साइक्लोथॉन के साथ आईएएस सर्विस मीट का समापन

Sun Dec 21 , 2025
भोपाल। राजधानी में 19 दिसंबर से चल रहे आईएएस सर्विस मीट का रविवार को ऊर्जा, फिटनेस और पारिवारिक सहभागिता के साथ समापन हुआ। आज आखिरी दिन की शुरुआत 18 किलोमीटर लंबे साइक्लोथॉन से हुई, जिसने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच अफसरों की फिटनेस और टीम भावना को नई पहचान दी। सुबह […]

You May Like