प्रशासन की फाइलों से फिटनेस ट्रैक तक: साइक्लोथॉन के साथ आईएएस सर्विस मीट का समापन

भोपाल। राजधानी में 19 दिसंबर से चल रहे आईएएस सर्विस मीट का रविवार को ऊर्जा, फिटनेस और पारिवारिक सहभागिता के साथ समापन हुआ। आज आखिरी दिन की शुरुआत 18 किलोमीटर लंबे साइक्लोथॉन से हुई, जिसने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच अफसरों की फिटनेस और टीम भावना को नई पहचान दी।

सुबह अरेरा क्लब से शुरू हुई साइक्लिंग रैली सीएम हाउस, वन विहार नेशनल पार्क और सैर-सपाटा जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस आयोजन स्थल पर आकर संपन्न हुई। इस साइक्लोथॉन में आईएएस अधिकारियों के साथ उनके परिजन भी शामिल हुए, जिससे आयोजन पूरी तरह पारिवारिक उत्सव में बदल गया।

करीब 40 प्रतिभागियों ने इस चुनौतीपूर्ण रेस में हिस्सा लिया। सबसे खास आकर्षण रहीं 11 वर्षीय अरण्य चौहान, जो इस प्रतियोगिता की सबसे कम उम्र की प्रतिभागी थीं। उनकी मौजूदगी ने पूरे आयोजन को प्रेरणादायक बना दिया।

प्रतियोगिता में पारीकी पांडला अक्षर ने मात्र 38 मिनट में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। यह समय इस वर्ष के आईएएस सर्विस मीट साइक्लिंग इवेंट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना गया। जीत का जश्न भी अनोखा रहा, जब साथी अफसरों ने सम्मान स्वरूप पुश-अप्स लगाकर विजेता का उत्साह बढ़ाया।

दूसरे स्थान पर एडिशनल कमिश्नर भोपाल शिवराज सिंह वर्मा और अभय सिंह संयुक्त रूप से रहे, जिन्होंने 45 मिनट में रेस पूरी की। वहीं तीसरा स्थान ईशान सुमन सिंह ने 47 मिनट में हासिल किया। आयोजकों के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार प्रतिभागियों की संख्या और जोश दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली।

गौरतलब है कि सर्विस मीट के दूसरे दिन बड़े तालाब स्थित बोट क्लब में बोट रेस का आयोजन किया गया था। रेड, ब्लू, ग्रीन और यलो हाउस के अधिकारियों व उनके परिजनों ने कड़ाके की ठंड के बावजूद पूरे उत्साह से भाग लिया। 200 मीटर की इस रेस में हर टीम में पुरुष, महिला, अनुभवी खिलाड़ी और बच्चे शामिल रहे, जबकि गाइड और ड्रमर सहित सपोर्ट स्टाफ ने माहौल को जीवंत बनाए रखा। डीजे और संगीत की धुनों के बीच तालाब की लहरों पर अफसरों ने चप्पू चलाकर खूब मस्ती की।

आज दिनभर अरेरा क्लब में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और चारों हाउस के बीच कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। शाम को अवॉर्ड सेरेमनी में अलग-अलग स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सर्विस मीट के पहले दिन अधिकारियों और उनके परिजनों ने गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। मुख्य सचिव अनुराग जैन भी विभिन्न आयोजनों में शामिल हुए और क्रिकेट मैच का आनंद लेते नजर आए।

Next Post

रीवा को विकास के शिखर पर पहुंचाना है: उप मुख्यमंत्री

Sun Dec 21 , 2025
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा को विकास के शिखर पर पहुंचाना है और आने वाली पीढ़ी को ऐसा रीवा सौंपना है जहाँ अधोसंरचना विकास के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की उपलब्धता हो. उप मुख्यमंत्री सामाजिक सद्भाव मिलन एवं विन्ध्य नायक सम्मान समारोह कार्यक्रम में […]

You May Like