
छतरपुर। पैक्स कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध जताया और ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हुआ, तो वे अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।
बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे म.प्र. सहकारिता समिति महासंघ, जिला इकाई छतरपुर के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री और खाद्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। महासंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि 22 सितंबर 2025 को हुई बैठक में उनकी मांगों के समाधान पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने अक्टूबर 2023 से बढ़ा हुआ वेतन लागू करने, हर माह नियमित वेतन भुगतान, विक्रेताओं को 18 माह की बकाया राशि दिलाने, सहायक समिति प्रबंधकों की पदोन्नति और कनिष्ठ विक्रेताओं की परिवीक्षा समाप्त करने की मांग रखी है। साथ ही गेहूं खरीदी की लंबित कमीशन राशि के भुगतान की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है।
महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि 25 मार्च 2026 तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो 1 अप्रैल से प्रदेश की 4523 पैक्स समितियों और 22,500 उचित मूल्य दुकानों के लगभग 55 हजार कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना और कलमबंद हड़ताल शुरू कर देंगे। कर्मचारियों का कहना है कि इस स्थिति में शासकीय योजनाएं प्रभावित होंगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
