
ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत का रिकॉर्ड रहा है खराब, चोटों से जूझ रही टीम के लिए नई चुनौतियां, पंत की फिटनेस बनी उम्मीद
मैनचेस्टर, 23 जुलाई 2025
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-2 से पिछड़ रही भारतीय टीम आज मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर चौथे टेस्ट मैच में उतरेगी। यह मुकाबला भारत के लिए ‘करो या मरो’ जैसा है, क्योंकि सीरीज में बराबरी करने और अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए उसे हर हाल में यह मैच जीतना होगा। टीम इंडिया के लिए चुनौती और भी बड़ी है क्योंकि ओल्ड ट्रैफर्ड में उसका टेस्ट रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। भारत ने इस मैदान पर अब तक 9 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से 4 में उसे हार मिली है और 5 ड्रॉ रहे हैं, लेकिन एक भी जीत दर्ज नहीं की है।
भारतीय टीम इस समय चोटों से भी जूझ रही है। ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी घुटने की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और आकाश दीप भी चोटिल होने के कारण इस टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, टीम के लिए अच्छी खबर यह है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत पूरी तरह फिट होते दिख रहे हैं, जो लॉर्ड्स टेस्ट में चोटिल हो गए थे। इन परिस्थितियों में, कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम इंडिया को एक मजबूत प्लेइंग-11 के साथ मैदान में उतरना होगा।
भारत की संभावित प्लेइंग-11:
- यशस्वी जायसवाल
- केएल राहुल
- शुभमन गिल (कप्तान)
- करुण नायर / साई सुदर्शन
- ऋषभ पंत (विकेटकीपर)
- रवींद्र जडेजा
- वाशिंगटन सुंदर / कुलदीप यादव
- शार्दुल ठाकुर / अंशुल कम्बोज
- जसप्रीत बुमराह
- मोहम्मद सिराज
- प्रसिद्ध कृष्णा
इस मैच में युवा तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज को अंतरराष्ट्रीय टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है, जो हाल ही में टीम में शामिल किए गए हैं। वहीं, इंग्लैंड ने पहले ही अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है, जिसमें चोटिल शोएब बशीर की जगह लियाम डॉसन को शामिल किया गया है। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा।
