यूपीओए पेश करेगा नेशनल यूथ गेम्स के लिए दावेदारी

लखनऊ, (वार्ता) उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन (यूपीओए) ने उत्तर प्रदेश में नेशनल यूथ गेम्स के पहले संस्करण की मेज़बानी के लिए कमर कस ली है।

एसोसिएशन के महासचिव डा. आनन्देश्वर पाण्डेय ने रविवार को आयोजित वार्षिक साधारण सभा के बाद यह जानकारी देते हुए कहा कि आयोजन की कार्ययोजना तैयार कर भारतीय ओलंपिक संघ को इस बारे में प्रस्ताव भेजा जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के चेयरमैन बृजेश पाठक (उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश) ने की। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सूचीबद्ध खेलों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची बनाकर उनकी ज़रूरतों को समझा जाए और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

डा. पाण्डेय ने कहा “ नेशनल यूथ गेम्स का आयोजन उत्तर प्रदेश में कराने के लिए हम दावेदारी करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी योजना है कि कि इन खेलों का प्रथम संस्करण साल 2027 में हो जिसमें हम 12-15 प्रमुख खेलों के आयोजन की योजना बना रहे है। ”

उन्होने कहा कि आगामी नेशनल गेम्स से पहले यूपी के खिलाड़ियों की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए यूपी स्टेट गेम्स का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में उत्तर प्रदेश नेशनल गेम्स की मेज़बानी का दावा भी पेश करेगा जिसके लिए प्रदेश में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं मौजूद हैं।

कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि एकलव्य क्रीड़ा कोष से प्रदेश के खिलाड़ी आर्थिक सहायता पा सकते है। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी प्रदेश के उदीयमान खिलाड़ियों तक पहुंचे, इसके प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने एसोसिएशन की वेबसाइट विकसित करने और खेल मैदानों में हेल्थ एटीएम स्थापित करने का भी सुझाव दिया, जिस पर चेयरमैन बृजेश पाठक ने सकारात्मक रूप से कार्य करने की बात कही।

 

 

Next Post

आईटीबीपी ने कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार को हराया

Mon Jul 28 , 2025
कोकराझार, (वार्ता) डूरंड कप में पदार्पण कर रही इंडो तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) एफटी ने 134वें इंडियन ऑयल डूरंड कप के ग्रुप डी के पहले मैच में दस पुरुषों वाली कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी को 2-1 से हरा दिया। यह मैच यहां साई स्टेडियम में खेला गया। लुनमिनलेन हाओकिप […]

You May Like