
छतरपुर: जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ, जिसमें अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर शिव प्रताप सिंह चौहान ‘रिशु’ और सचिव पद पर अनिल कुमार द्विवेदी ने जीत हासिल की।अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में शिव प्रताप सिंह चौहान को कुल 323 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 101 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर स्पष्ट जीत दर्ज की। वहीं सचिव पद के लिए मुकाबला काफी रोचक रहा। अनिल कुमार द्विवेदी ने 285 मत हासिल कर मात्र 8 मतों के मामूली अंतर से जीत दर्ज की।
परिणामों की घोषणा के बाद अधिवक्ता संघ परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाइयां दीं। बड़ी संख्या में अधिवक्ता संघ कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष और सचिव को शुभकामनाएं देते नजर आए।जीत के बाद अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह चौहान और सचिव अनिल कुमार द्विवेदी ने समस्त अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संघ की गरिमा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही अधिवक्ताओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान, संघ को अधिक सक्रिय बनाने और न्यायिक व्यवस्था को सशक्त करने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य किया जाएगा।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वे सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर चलेंगे और संघ को एक मजबूत मंच के रूप में विकसित करेंगे। अधिवक्ताओं ने भी उम्मीद जताई कि नया नेतृत्व उनके हितों की रक्षा करेगा और संगठन को नई दिशा प्रदान करेगा।
