
रायसेन। जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर सलामतपुर में कर्ज से परेशान एक युवा इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी के अनुसार, सलामतपुर निवासी राहुल साहू (35), पिता श्यामलाल साहू, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, अलमारी, कलर टीवी, आटा चक्की, स्टील फर्नीचर सहित अन्य सामान की दुकान चलाते थे। व्यवसाय ठीक से न चलने के कारण उनके ऊपर व्यापारियों और बैंक का लाखों रुपये का कर्ज हो गया था, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे।
मृतक के भाई रितेश साहू ने बताया कि आर्थिक तंगी और लगातार बढ़ते कर्ज के चलते राहुल कई दिनों से तनाव में थे। व्यापार के दबाव के कारण उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी और हाल के दिनों में उन्होंने शराब का सेवन भी शुरू कर दिया था।
बीती रात राहुल साहू ने घर की छत पर लगे पंखे की कुंडी में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
