
उमरिया। जिले के बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत परिक्षेत्र मानपुर (बफर)के जंगल में गश्त के दौरान एक सुरक्षा श्रमिक पर बाघ ने हमला कर घायल कर दिया है। इस हमले मे डोभा गांव निवासी दयाराम बैगा (48) गंभीर रूप से घायल हुआ है। यह घटना परिक्षेत्र मानपुर बफ़र के गुरुवाही बीट के पीएफ 612 अंतर्गत राजस्व क्षेत्र बोदवाह में हुई। बाघ के हमले से दयाराम बैगा के सिर, आंख और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल श्रमिक को मानपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया है। बता दें कि यह क्षेत्र कोर जोन से सटा हुआ है, जहां बाघों की आवाजाही सामान्य है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और गश्त भी बढ़ा दी गई है।
